गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी) के कंप्यूटर साइंस व इंजीनियरिंग विभाग में शोध लेखन, अकादमिक प्रकाशन और शोध प्रबंध तैयार करने पर पांच दिवसीय कार्यशाला सोमवार से शुरू हुई। 18 सितंबर तक चलने वाली कार्यशाला में शोधार्थियों और शिक्षकों को शोध की पूरी प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी दी जा रही है।
विभागाध्यक्ष प्रो. राकेश कुमार ने कहा कि केवल शोध करना पर्याप्त नहीं बल्कि उसे वैज्ञानिक, व्यवस्थित, मौलिक और नैतिक तरीके से प्रस्तुत करना भी जरूरी है। कार्यशाला में शोध प्रबंध लेखन, संदर्भ प्रबंधन, गुणवत्तापूर्ण शोध पत्र तैयार करने, उपयुक्त जर्नल चयन, पीयर रिव्यू और प्रकाशन प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है। लेटेक्स से शोध दस्तावेज तैयार करने, बीमर से प्रभावी प्रस्तुतीकरण, साहित्य समीक्षा, शोधकर्ता प्रोफाइल और आधुनिक शोध उपकरणों के इस्तेमाल का प्रशिक्षण भी मिलेगा। पेटेंट लेखन और बौद्धिक संपदा अधिकारों से शोध परिणामों के संरक्षण पर भी सत्र होंगे।