पादरी बाजार (गोरखपुर)। शाहपुर इलाके के एक युवक से जालसाज ने टेलीग्राम पर टास्क पूरा करने का लालच देकर 71 हजार पांच सौ रुपये की ठगी कर ली। सोमवार को शाहपुर पुलिस जालसाज के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। इसके पहले इसी तरह के मामले में एक महिला भी जालसाजों की शिकार हुई थी।
जानकारी के मुताबिक, शाहपुर इलाके के बशारतपुर स्थित हरिहरपुर निवासी अभिषेक यादव ने शाहपुर पुलिस को तहरीर देकर बताया कि अप्रैल माह में टेलीग्राम पर चस्का नाम से मैसेज आया। मैसेज करने वाले ने बताया कि यूट्यूब पर प्रति वीडियो लाइक करने पर 100 से 150 रुपये मिलेंगे। लालच में आकर उसने वीडियो लाइक किया तो 400 से 500 रुपये उसके बैंक खाते में आ गए। इसके बाद जालसाज ने कहा कि टेलीग्राम पर टास्क पूरा करने पर घर बैठे रुपये कमा सकते हैं। इसके बाद पीड़ित ने जालसाज के खाते में पांच हजार रुपये ऑनलाइन भेज दिया। उसके बाद दोबारा टास्क पूरा करने के लिए 25 हजार रुपये की मांग की गई। रुपये भेजने के बाद जालसाज ने टास्क बढ़ाते हुए 71500 रुपये कई बैंक खातों में जमा करा लिए। पीड़ित ने जब रुपये मांगे तो जालसाज ने कहा कि टास्क पूरा नहीं हुआ है और पैसे भेजो। तब उसे ठगी का एहसास हुआ। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।