गोला (गोरखपुर)। थाना क्षेत्र के सहड़ौली गांव के देवईपीपर टोले में मंगलवार शाम सरयू नदी में नहाने गया 13 वर्षीय बालक लापता हो गया। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। दोस्तों से मिली जानकारी ने सभी को चौंका दिया। सूचना पर मौके पर पहुंची एसडीआरएफ व पुलिस टीम ने देर शाम तक सरयू नदी में बालक की खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी शिवसागर का बेटा अमन मंगलवार शाम घर से निकला था, लेकिन देर रात तक नहीं लौटा। परिजनों ने जब उसकी खोजबीन शुरू की तो रात करीब आठ बजे गांव के कुछ लोगों ने बताया कि अमन को शाम करीब चार बजे अपने दोस्तों के साथ सरयू नदी की ओर जाते देखा गया था। इसके बाद परिजनों ने अमन के साथ गए दोस्तों से पूछताछ की। शुरुआत में वे डर के कारण कुछ नहीं बोले, लेकिन बाद में उन्होंने बताया कि सभी दोस्त नदी में नहाने गए थे। इस दौरान अमन गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
घटना से घबराकर वे लोग मौके से भाग आए। दोस्तों की निशानदेही पर परिजन नदी किनारे पहुंचे, जहां अमन के कपड़े मिले। यह देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल नदी में तलाश शुरू की, लेकिन अंधेरा होने के कारण कोई सफलता नहीं मिल सकी।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राकेश रोशन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और देर रात तक खोजबीन जारी रही। बुधवार सुबह एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।