लोकल फॉल्ट से उपभोक्ता ही नहीं, बल्कि बिजली अधिकारी भी परेशान हैं, क्योंकि फॉल्ट की मरम्मत में अधिकारियों-कर्मचारियों को भी पसीना आ रहा है। भीषण गर्मी में लोकल फॉल्ट बढ़ा तो राप्तीनगर क्षेत्र के अधिकारियों ने कटिया कनेक्शन वालों को निशाना बनाया। बिजली निगम की टीम ने शनिवार भोर में लगातार दूसरे दिन छापा मारा, जबकि एक दिन पहले शुक्रवार भोर में कटिया कनेक्शन वाले दस बिजली चोरों को पकड़ा गया था।
विद्युत उपकेंद्र राप्तीनगर में शनिवार भोर में बिजली निगम एवं विजिलेंस टीम ने पुलिस बल के साथ छापा मारा तो सात घरों में बिजली चोरी पकड़ी। उनके खिलाफ केस दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है। एसडीओ भानुप्रताप ने बताया कि कटिया कनेक्शन से लाइन लास होता है, जबकि जहां कटिया लगाकर तार खींचा जाता है, वहां तार आपस में सट जाते हैं। ऐसे स्थानों पर तार टूट जाता है, जबकि ट्रांसफाॅर्मर में भी फाॅल्ट आ जाता है।
लोकल फॉल्ट होने से अच्छे उपभोक्ताओं को गर्मी से परेशानी झेलनी पड़ रही है। छापा मारने वाली टीम में जेई दिनेश जायसवाल, विजिलेंस टीम के जेई चंद्रशेखर भी मौजूद थे।
इनके यहां पकड़ी बिजली चोरी
-अखिलेश, मिर्जापुर
-प्रवीण, बसारतपुर
-अनारा, भगवानपुर
-ममता, भगवानपुर
-रीता, मानबेला
-मानबेला नंदनी, भगवानपुर
राप्तीनगर क्षेत्र में कुछ लोग रात में कटिया कनेक्शन लगाकर बिजली चोरी कर रहे थे, जिन्हें चिह्नित करके पकड़ा गया। दो दिन में 17 लोगों के खिलाफ बिजली चोरी का केस दर्ज किया गया, जबकि अन्य क्षेत्रों में भी छापा मारा जाएगा।
-लोकेंद्र बहादुर सिंह, अधीक्षण अभियंता