- लखनऊ एयरपोर्ट पर फर्जी वीजा और हवाई टिकट की जांच में खुली जालसाजी की पोल, पीड़ित ने एडीजी से की शिकायत
भरोहिया। विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर जालसाजों ने पीपीगंज थाना क्षेत्र के रायपुर निवासी एक युवक से 2.20 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपियों ने रुपये लेने के बाद व्हाट्सएप पर फर्जी वीजा और हवाई टिकट भेज दिया। लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचने पर जांच में दस्तावेज फर्जी होने का पता चला। पीड़ित ने एडीजी गोरखपुर जोन से शिकायत कर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
रायपुर निवासी वाहिद अली ने बताया कि वह अपने चचेरे भाई सुलेमान अली के साथ कतर में नौकरी के लिए कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान भलुही, पिपराइच निवासी व्यक्ति के माध्यम से जंगल दीर्घन सिंह क्योन्हरा, डवरपार निवासी युवक से संपर्क हुआ। बताया गया कि युवक कतर में नौकरी करता है। वीजा उपलब्ध कराने का काम करता है।
पीड़ित के अनुसार, युवक ने सेवई बाजार स्थित शांति कॉम्प्लेक्स में संचालित टूर एंड मैन पावर सर्विसेज कार्यालय को अपना बताते हुए वहां मौजूद एक व्यक्ति से मिलने के लिए कहा। उस व्यक्ति ने भी स्वयं को युवक का रिश्तेदार बताते हुए कार्यालय उसी का होना बताया। आरोप है कि उसके कहने पर वाहिद अली ने उसकी पत्नी के बैंक खाते में यूपीआई के माध्यम से कुल 2.20 लाख रुपये भेज दिए। रुपये मिलने के बाद आरोपी ने व्हाट्सएप पर वीजा और टिकट भेज दिया।
पीड़ित ने बताया कि बीते 12 फरवरी को वह लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचा, जहां जांच के दौरान पता चला कि वीजा और टिकट दोनों फर्जी हैं। इसके बाद उसे एयरपोर्ट से वापस कर दिया गया। वाहिद का आरोप है कि शिकायत करने पर युवक ने दूसरा वीजा और टिकट उपलब्ध कराने का भरोसा दिया लेकिन न तो दोबारा दस्तावेज दिए और न ही रुपये लौटाए। पीड़ित का कहना है कि उसके पास बैंक ट्रांजेक्शन, कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्य मौजूद हैं। उसने एडीजी गोरखपुर जोन से मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
- अनुराग कुमार सिंह, सीओ कैंपियरगंज