संवाद न्यूज एजेंसी
उनवल (गोरखपुर)। खजनी इलाके के उनवल पुलिस चौकी के समीप ऑफिस खोल कर जालसाजों ने चार बेरोजगार युवकों को विदेश भेज कर नौकरी दिलाने के नाम पर 2.40 लाख रुपये हड़पने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बिहार राज्य के सीवान जिले के रघुनाथपुर इलाके के कड़सर गांव निवासी रवि प्रकाश, अकबरपुर कुशीनगर जिले के निवासी सच्चिदानंद दीक्षित, संतकबीरनगर जिले के महुली थाना क्षेत्र के बरौली गांव के निवासी उमाकांत पांडेय व आजमगढ़ जिले के छाऊ परशुरामपुर गांव के निवासी देवमन सरोज ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि फेसबुक पर विदेश में नौकरी मिलने का विज्ञापन देखकर वह उनवल पुलिस चौकी के समीप इंटरव्यू के लिए पहुंचे। मेडिकल चेकप के नाम पर 3500 रुपये व 70 हजार रुपये एक-एक से लेकर वीजा के लिए भेजा गया। उनको दुबई भेजने का टिकट भी दे दिया गया। बाद में टिकट कैंसिल का मैसेज आ गया। पुलिस इस मामले में आरोपियों के खिलाफ रुपया हड़पने और धोखाधड़ी का केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।