- जटेपुर उत्तरी में विवाद के दौरान लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से किया हमला
- पुलिस ने गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को जेल भेजा
गोरखपुर। गोरखनाथ थाना क्षेत्र के जटेपुर उत्तरी में 15 फरवरी को घर में घुसकर मारपीट, गला दबाने की कोशिश और वाहनों में तोड़फोड़ करने की घटना सामने आई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
जयनाथ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 15 फरवरी की सुबह करीब 10 बजे विक्की, राहुल, सन्नी, आनंद उर्फ डीडीआर, विकेशलाल, अतिश उर्फ नाटे और छोटू उर्फ मोहित समेत कई लोग एकराय होकर उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके बेटे श्रवण और छोटी बहन नंदनी पर लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में श्रवण को गंभीर चोटें आईं और आरोपियों ने उसका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। बहन नंदनी बीच-बचाव करने आई, लेकिन उसके साथ भी मारपीट की गई।
आरोप है कि हमलावरों ने घर के बाहर खड़ी तीन गाड़ियों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घायलों को परिवार वाले तुरंत थाने लेकर गए और फिर जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां श्रवण का इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए नामजद आरोपियों के खिलाफ लाठी-डंडे मारपीट, जानलेवा हमला और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में विक्की बांसफोर, राहुल कुमार, छोटे उर्फ मोहित और विकेशलाल निवासी जटेपुर उत्तरी शामिल हैं।
इस संबंध में सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।