बीआरडी मेडिकल कॉलेज में एक बार फिर डॉक्टर पॉजिटिव पाए गए हैं। पनेशिया अस्पताल में कोविड मरीजों का इलाज करने वाले एक डॉक्टर और पीएचसी सोनबरसा की एक महिला डॉक्टर भी संक्रमित हैं।
वहीं, सिविल कोर्ट के फिर से दो कर्मी, रेलवे अस्पताल के 12 कर्मी, अस्थायी जेल में दो, जिला अस्पताल के एक कर्मी पॉजिटिव मिले हैं। सीएमओ डॉ श्रीकांत तिवारी ने बताया कि संक्रमितों के परिजनों की जांच कराई जाएगी। साथ ही उनके संपर्क में आने वाले लोगों की तलाश शुरू कर दी गई है।
जिले में संक्रमितों की संख्या आठ हजार के करीब 7797 हो गई है। इनमें 4999 मरीज ठीक हो चुके हैं। एक्टिव मरीज 2685 हैं। संक्रमण से मरने वालों की संख्या अब 113 हो गई है।
एक ही परिवार के छह लोग संक्रमित
शहर के कई परिवार फिर से कोरोना की चपेट में आए हैं। सिंघड़िया के रहने वाले एक ही परिवार के छह लोग संक्रमित मिले हैं। बीआरडी मेडिकल कॉलेज के निकट रहने वाले एक ही परिवार के चार लोग, वार्ड नंबर 11 में दो लोग, नियामत चौक में एक ही परिवार के तीन लोग, छोटे काजीपुर में एक ही परिवार के दो लोग, हरिसेवकपुर में एक ही परिवार के तीन लोग, सर्वहितकारी गर्ल्स कॉलेज में दो लोग, मियां बाजार में एक ही परिवार के तीन लोग, दाउदपुर में एक ही परिवार के दो लोग संक्रमित मिले हैं।
दीवानी न्यायालय परिसर में कोरोना संक्रमित मरीज मिलने के बाद परिसर को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। इसकी वजह से दीवानी न्यायालय 27 अगस्त तक बंद रहेगी। इस दौरान बाहरी व्यक्ति, अधिवक्ता और वादकारियों का प्रवेश पूरी तरह से वर्जित रहेगा। केवल अति आवश्यक मामले की सुनवाई वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए होगी। यह आदेश जिला न्यायाधीश प्रमोद कुमार श्रीवास्तव ने दिया है।
कैंट थाना क्षेत्र में मिले सर्वाधिक 39 मरीज
कैंट थाना क्षेत्र में मंगलवार को सबसे अधिक 30 मरीज मिले हैं। इसके अलावा शाहपुर में 30, गोरखनाथ 20, राजघाट दो, तिवारीपुर 12, कोतवाली 20, रामगढ़ ताल इलाके में चार, गुलरिहा 12, चिलुआताल क्षेत्र में चार मरीज मिले हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में बांसगांव में 16, गगहा तीन, जंगल कौड़िया चार, पिपराइच 18, उरुवा दो, पिपरौली पांच, सहजनवां 17, बेलघाट एक, भटहट नौ, ब्रह्मपुर और कैंपियरगंज में एक-एक, चरगांवा 16, खजनी तीन, खोराबार 21, पाली तीन और सरदारनगर में 14 मरीज मिले हैं। इसके अलावा अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 30 मरीज और मिले हैं।
जिले में पिछले 24 घंटे में चार संक्रमितों की मौत हुई है। भटहट के गुलहरिया के रहने वाले 60 वर्षीय व्यक्ति की मौत बीते सोमवार को हुई। परिजनों का आरोप है कि इलाज के अभाव में मरीज की जान गई है। टीबी अस्पताल के परिसर में एबुलेंस में ही मरीज दो घंटे तक पड़ा रहा, लेकिन कोई देखने तक नहीं आया।
इसके अलावा लालपुर की रहने वाली 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत जिला अस्पताल में हुई है। उन्हें शुगर सहित अन्य बीमारियां भी थीं। तिवारीपुर के बिंद टोला के रहने वाले 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत भी जिला अस्पताल में हुई है। देवरिया जिले के पकड़िया खुर्द के रहने वाले 76 वर्षीय बुजुर्ग की मौत बीआरडी मेडिकल कॉलेज में हुई है।