गोरखपुर। मेडिकल कॉलेज के ट्राॅमा सेंटर के बाहर रेफर मरीज को जबरन नर्सिंग होम ले जाने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को सोमवार की रात में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वार्ड ब्वाय नीलेश मिश्रा, सफाई कर्मी साहिल सिंह, निजी अस्पताल कर्मी रोहन मिश्रा व निजी एंबुलेंस कर्मी मनोज निगम को गिरफ्तार कर मंगलवार को शांतिभंग में चालान कर दिया। पुलिस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, बीआरडी मेडिकल काॅलेज के ट्रॉमा सेंटर के गेट पर शुक्रवार की रात मरीज को निजी नर्सिंग होम ले जाने के कोशिश में निजी एंबुलेंस कर्मियों व निजी नर्सिंग होम के कर्मचारियों के बीच जमकर मारपीट हुई थी। पुलिस ने आरक्षी प्रमोद यादव की तहरीर पर केस दर्ज किया। आरोप है कि बिहार के मरीज को मनोज यादव उनके भाई ने भर्ती कराया। बेहतर इलाज के लिए वह लखनऊ लेकर जाना चाहता था। इसके लिए वह एंबुलेंस चालक से बातचीत कर रहा था। इस दौरान मारपीट हो गई। पुलिस मनोज निगम, राहुल, रोहन मिश्रा, प्रिंस चंद, निलेश मिश्रा, साहिल सिंह व मेडिकल कॉलेज की स्टाफ नर्स मोना चौरसिया व 10 अज्ञात को आरोपी बनाया है। सोमवार की रात पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।