- बेलीपार इलाके में हुई घटना, पुलिस कर रही जांच
अमर उजाला ब्यूरो
महावीर छपरा (गोरखपुर)। बेलीपार के महावीर छपरा स्थित बड़ौदा यूपी बैंक परिसर में कागज की गड्डी थमाकर जालसाज 20 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस सीसी टीवी फुटेज की मदद से टप्पेबाजों की तलाश कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, महावीर छपरा निवासी विनय निषाद बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे बडौदा यूपी बैंक की शाखा में बीस हजार रुपये जमा करने गए थे। जहां एक जालसाज ने उसे बातों में उलझा कर रुमाल में लपेट कर रखा पांच सौ रुपये नोट की एक गड्डी देते हुए कहा कि यह अपने पास रखो और अपना मोबाइल फोन दो। हमें किसी से बात करना है। वह मोबाइल पर बात करते हुए बैंक परिसर से बाहर चला गया। करीब 4 से 5 मिनट बाद वापस आया और विनय के हाथ से 20 हजार रुपये वाली उसकी झोली लेकर बात करते हुए बाहर निकल गया। विनय निषाद कुछ देर तक उसका इंतजार करता रहा। फिर बाहर जाकर देखा तो व्यक्ति गायब था। उसके बाद उसने रुमाल में रखा रुपये की गड्डी देखा तो उसमें ऊपर नीचे पांच-पांच सौ के दो नोट लगे थे। बाकी कागज का टुकड़ा था। उसने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।