वैलेंटाइन अंडर-19 प्रीमियम स्टेट फुटबाॅल प्रतियोगिता के दूसरे दिन खेले गए तीन मैच
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम में आयोजित वैलेटाइन अंडर-19 प्रीमियम स्टेट फुटबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन तीन मैच खेले गए। पहला मैच जिला फुटबाॅल एसोसिएशन कुशीनगर और बिग ब्लू लखनऊ के बीच खेला गया। मैच के पहले हाॅफ में दोनों टीमें 0-0 की बराबरी पर थीं।
दूसरे हाॅफ में बिग ब्लू लखनऊ ने आक्रामक खेल दिखाया और टीम के अरबाज और अमन ने 37वें व 51वें मिनट में ताबड़तोड़ गोल करके अपनी टीम को 2-0 की बढ़त दिला दी। मैच के 60वें मिनट में कुशीनगर के देव ने अपनी टीम के लिए एक गोल करके हार के अंतर को 2-1 कर दिया। अंत में बिग ब्लू लखनऊ 2-1 से विजयी रही।
मैच के मुख्य अतिथि नरसा के स्पोर्ट्स ऑफिसर चंद्र विजय सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। दूसरा मैच वाराणसी छात्रावास और ब्लू सफायर गोरखपुर के बीच खेला गया। मैच के 15वें और 62वें मिनट में अभय और सैफ ने वाराणसी छात्रावास के लिए गोल करके अपनी टीम को 2-0 से जीत दिला दी।
तीसरा मैच स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई और वैलेंटाइन फुटबाल क्लब गोरखपुर के बीच खेला गया। पहले हाफ में दोनों टीमें 0-0 की बराबरी पर थीं। दूसरे हाफ के 45वें मिनट में रघुवीर ने वैलेंटाइन फुटबाल क्लब गोरखपुर के लिए गोल करके 1-0 से टीम को जीत दिला दी।