खाद्य सुरक्षा विभाग ने नवीन मंडी में की जांच, व्यापारियों को दी चेतावनी
लाडली स्वीट्स से छेना का नमूना लिया, मोहन स्वीट्स को सुधार के लिए दिया नोटिस
गोरखपुर। नवीन मंडी में रंगीन आलू की बिक्री करने वाले व्यापारियों पर खाद्य सुरक्षा विभाग सख्त कार्रवाई करेगा। जांच में किसी व्यापारी के पास कृत्रिम रंग से रंगा आलू मिला तो उसका खाद्य लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा।
विभाग की टीम ने सोमवार को नवीन मंडी में जांच कर आढ़तियों और व्यापारियों को चेतावनी दी। पिछले मई में भी खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रंगे हुए आलू पकड़े थे और उन्हें मौके पर नष्ट कराया था। इसके बाद से विभाग इस मामले को लेकर सतर्क है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शासन के निर्देश पर चलाए जा रहे शुद्ध आहार मिलावट वार अभियान के तहत सोमवार को मंडी और मिठाई की दुकानों पर जांच की।
टीम ने व्यापारियों को बताया कि कृत्रिम रंगों से रंगे आलू का खरीदना और बेचना प्रतिबंधित है। ऐसा करते पकड़े जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी। इसके बाद टीम ने मिठाई की दुकानों की जांच की। गुणवत्ता संदिग्ध मिलने पर लाडली स्वीट्स से छेना का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। वहीं, साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों में कमी मिलने पर मोहन स्वीट्स को सुधार नोटिस जारी किया गया।
आलू में कृत्रिम रंग मिलाकर बेचने वाले व्यापारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। विभाग इसको लेकर सतर्क है और लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है।
- डॉ. सुधीर कुमार सिंह, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा