पादरी बाजार (गोरखपुर)। शादी समारोह से लौट रहे आजमगढ़ के पांच युवक रविवार सुबह सड़क हादसे का शिकार हो गए। शाहपुर थाना क्षेत्र के असुरन चौक के पास अचानक सामने आए सांड को बचाने की कोशिश में उनकी कार (अर्टिगा) अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में कार सवार युवकों को मामूली चोटें आईं। राहगीरों की मदद से सभी सुरक्षित बाहर निकल आए।
जानकारी के मुताबिक, आजमगढ़ जिले के बिलरियागंज निवासी दिव्यांश राय अपने दोस्तों के साथ महराजगंज जिले में एक मित्र की शादी में शामिल होने गए थे। बरात कौड़ीराम क्षेत्र में गई थी। रविवार सुबह दिव्यांश, अमित राय समेत पांच युवक कार से घर लौट रहे थे। बताया गया कि राप्ती कॉम्प्लेक्स के पास अचानक एक सांड कार के सामने आ गया। उसे बचाने के लिए चालक ने कार को दाईं ओर मोड़ा लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया और पलट गया। हादसा होते ही मौके पर अफरातफरी मच गई।
आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद कर कार सवार युवकों को बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के दौरान कार के चारों पहिए उपर हो गए थे हालांकि सभी युवक सुरक्षित बच गए। बाद में युवकों ने क्रेन बुलाकर कार को सड़क से हटवाया। हादसे के कारण कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा। शाहपुर थाना प्रभारी राकेश रोशन ने बताया कि जानकारी पर पुलिस पहुंची थी।