गगहा के गजपुर कस्बे में पुराने विवाद को लेकर हुई मारपीट
गगहा। क्षेत्र के गजपुर कस्बे के कर्बला टोले में रविवार शाम पुराने विवाद को लेकर पटीदारों के बीच मारपीट हो गई। इसमें दीवानी कचहरी बांसगांव के अधिवक्ता शिवचंद चौरसिया समेत परिवार के पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने अधिवक्ता के भतीजे राज चौरसिया की तहरीर पर सात नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राज चौरसिया के मुताबिक, रविवार शाम करीब छह बजे उनके चाचा शिवचंद चौरसिया और चचेरा भाई अंकुर सब्जी लेकर घर लौट रहे थे। घर के पास पहुंचते ही पहले से घात लगाए पटीदारों ने ईंट-पत्थर, लाठी-डंडे और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। शोर सुनकर बचाव में पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों को भी पीटकर घायल कर दिया।
हमले में शिवचंद और अंकुर को गंभीर चोटें आईं, जबकि शिवचंद की पत्नी सरिता, दूसरे बेटे नितेश और बेटी पूजा भी घायल हो गईं। सभी को कौड़ीराम में प्राथमिक उपचार के बाद शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना प्रभारी राजकुमार सरोज ने बताया कि मामले में पीड़ित की तहरीर पर मनीष, अभय, वंश, अभिषेक, वेद, पूनम देवी और लक्ष्मीना देवी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।