- दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने शुरू की जांच
अमर उजाला ब्यूरो
पादरी बाजार (गोरखपुर)। शाहपुर इलाके के आवास विकास कॉलोनी निवासी पवन शर्मा से जालसाजों ने रेलवे में ग्रुप डी की नौकरी दिलाने के नाम पर पांच लाख रुपये हड़प लिए। पीड़ित के प्रार्थनापत्र पर शाहपुर पुलिस ने खोराबार के कैथवलिया निवासी अखिलेश कुमार और गगहा इलाके के चेरिया निवासी विवेक शाही के खिलाफ केस दर्ज मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, शाहपुर इलाके के आवास विकास कॉलोनी निवासी पवन शर्मा ने शाहपुर पुलिस को प्रार्थनापत्र देकर बताया कि खोराबार के कैथवलिया निवासी अखिलेश कुमार उनके मित्र हैं। अक्तूबर 2022 में मिले तो बताया कि उनके एक करीबी विवेक शाही हैं। वह रेलवे में कई लोगों की नौकरी लगवा चुके हैं। उनकी रेलवे में अच्छी पकड़ है। अगर पांच लाख रुपये की व्यवस्था कर देंगे तो नौकरी लगवा देंगे।
इन बातों से आरोपी ने उसे अपने झांसे में ले लिया। जिसके बाद आरोपी के कहने पर विवेक शाही के नाम का दो लाख रुपये का चेक पवन शर्मा को दे दिया। उसके बाद फिर 10 अक्तूबर 2022 को पवन शर्मा के कहने पर 40 हजार रुपये विवेक शाही के खाते में यूपीआई के माध्यम से ट्रांसफर कर दिया। कुछ दिन बाद आरोपी के मांगने पर और 2.60 लाख रुपये नकद दे दिए।
दो-तीन महीने बाद जब नौकरी के बारे में पूछे तो आरोपी ने टालमटोल करते हुए एक साल से अधिक समय लगा दिए। नौकरी नहीं मिलने पर जब रुपये मांगे तो आरोपी टालमटोल करता रहा। काफी दबाव के बाद आरोपी पवन शर्मा ने तीन चेक दिए, जिसका भुगतान नहीं हो पाया। जिसके बाद पीड़ित ने शाहपुर पुलिस को प्रार्थना-पत्र दिया। पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।