यूपी बोर्ड परीक्षा देकर बाहर आती छात्राएं।
- फोटो : Prayagraj
यूपी बोर्ड की ओर से आयोजित इंटरमीडिएट अंग्रेजी की परीक्षा में बुधवार को पांच नकलची अनुचित साधनों का प्रयोग करते हुए पकड़े गए। सभी को रस्टीकेट कर दिया गया है। उरुवा के इंटर कॉलेज में परीक्षा दे रही एक छात्रा ने अपने एडमिट कार्ड पर ही चिट बना लिया था।
आंतरिक सचल दल की टीम के सदस्यों ने शक होने पर छात्रा की तलाशी ली तो वह रंगे हाथ पकड़ी गई। बुधवार को दोनों पालियों में आयोजित परीक्षा से 4329 विद्यार्थियों ने किनारा किया।
हर केंद्र की हुई लाइव मॉनीटरिंग
बोर्ड परीक्षा की निगरानी के लिए बने कंट्रोल रूम से बुधवार को दोनों ही पालियों में आयोजित परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों की लाइव निगरानी सुचारू रूप से की जा सकी। बार बार की चेतावनी और डाटा पैक को लेकर दिए गए निर्देश का असर अब केंद्राध्यक्षों पर नजर आने लगा है।
सीबीएसई : हाईस्कूल के मुख्य विषयों की परीक्षाएं शुरू
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ओर से हाईस्कूल के मुख्य विषयों की परीक्षा का आगाज बुधवार को अंग्रेजी विषय के साथ हुआ। 26 केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में 10 हजार विद्यार्थी शामिल हुए। सभी केंद्रों पर सकुशल परीक्षाएं संपन्न हुईं। किसी भी केंद्र पर किसी प्रकार के गड़बड़ी सूचना नहीं मिली।
वहीं इंटर वेब एप्लीकेशन और मीडिया विषय की परीक्षाएं हुईं। 30 मार्च को इंटर और 20 मार्च को हाईस्कूल की परीक्षाएं खत्म होंगी। इसी महीने 15 फरवरी से बोर्ड परीक्षाओं की शुरूआत हुई है, जबकि इंटर में मुख्य विषयों की परीक्षा गुरुवार को अंग्रेजी विषय के साथ शुरू होगी।