गोरखपुर। छठ महापर्व पर घर लौटने वाले यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए रेलवे ने गोरखपुर जंक्शन पर पांच अस्थायी यात्री होल्डिंग एरिया बनाए हैं। यात्रियों की सुविधा और भीड़ प्रबंधन के लिए इन स्थानों पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। शुक्रवार देर शाम सांसद रवि किशन शुक्ला ने स्टेशन पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने यात्रियों से संवाद कर उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी भी ली।
सांसद ने स्टेशन परिसर में बनाए गए यात्री होल्डिंग एरिया का निरीक्षण किया। यहां ट्रेन डिस्प्ले बोर्ड, शुद्ध पेयजल, सहायता बूथ, मोबाइल यूपीएस, प्राथमिक चिकित्सा, मोबाइल एटीएम, कूलर, बैठने और प्रकाश की व्यवस्था देखी। उन्होंने यात्रियों से सुविधाओं के संबंध में प्रतिक्रिया ली और व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। साथ ही बेहतर इंतजाम के लिए रेल प्रशासन की सराहना की।
इसके बाद सांसद ने प्लेटफाॅर्म नंबर एक पर यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। यात्रियों से बातचीत कर रेलवे की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने स्टेशन के वॉर रूम का भी निरीक्षण किया। यहां प्लेटफाॅर्मों पर यात्रियों की भीड़ की निगरानी और भीड़ प्रबंधन के लिए की गई व्यवस्था देखी।
इस दौरान सांसद प्रतिनिधि समरेंद्र विक्रम सिंह, स्टेशन निदेशक रत्नदीप गुप्ता सहित रेलवे के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।