मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त निर्देश के बाद पुलिस ने भाजपा नेता ओंकार सिंह के 14 वर्षीय बेटे आर्यवर्धन की मौत के मामले में हत्या की धारा बढ़ा दी है। देर रात पुलिस ने जेसीबी चालक समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, नामजद पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चिंता यादव के पति और सपा नेता साधु यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो में शामिल बैकहो लोडर (जेसीबी) की चपेट में आने से आर्यवर्धन की मौत हो गई थी। इस मामले में एम्स थाना पुलिस ने ओंकार सिंह की तहरीर पर जेसीबी चालक समेत छह नामजद और 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। इसमें सपा नेता साधु यादव, मनोज यादव, मृत्युंजय यादव, योगेश यादव और चंद प्रकाश के नाम भी शामिल थे।
योगी ने परिजनों से मुलाकात कर दिए थे कार्रवाई के आदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार की शाम भाजपा नेता के घर जाकर परिवार के लोगों से मुलाकात की और पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने अपनी विवेचना में हत्या की धारा बढ़ा दी। पुलिस ने देर रात आरोपियों में जेसीबी चालक विनोद शाही, शिवांग निषाद,नरसिंह यादव, राहुल यादव, और वीरेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी सिटी निमिष पाटील का कहना है कि विवेचना में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की भूमिका के साथ ही अन्य नामजद और अज्ञात लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
सपा के रोड शो के दाैरान जेसीबी की चपेट में आने से हुई थी माैत
आर्यवर्धन बुधवार दोपहर पैदल चौराहे की ओर जा रहा था। इसी दौरान सपा के रोड शो में शामिल जेसीबी की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे एम्स लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। आर्यवर्धन केंद्रीय विद्यालय नंदानगर में कक्षा 10 का छात्र था। बेटे की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने झारखंडी मोड़ पर गोरखपुर-देवरिया मार्ग जाम कर धरना दिया था। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। अधिकारियों के कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद रात करीब आठ बजे धरना समाप्त हुआ था।