सरदारनगर। चौरीचौरा थाना क्षेत्र के आमकोल गांव में प्राथमिक विद्यालय के सामने खड़े रसोई गैस सिलिंडर लदे ट्रक के केबिन में शुक्रवार रात शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। रात करीब 12 बजे केबिन से आग की लपटें उठती देख गांव में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीन दमकल की गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझ जाने से बड़ा हादसा टल गया।
आमकोल निवासी ट्रक चालक संगम भारत गैस के 370 सिलिंडर लेकर शुक्रवार को बैतालपुर से निकला था। ट्रक को गैस एजेंसी पिपराइच जाना था। रात में चालक खाना खाने के बाद ट्रक लेकर गांव के प्राथमिक विद्यालय के सामने पहुंचा और वहीं ट्रक खड़ा कर केबिन में सो गया। रात करीब 12 बजे शॉर्ट सर्किट से केबिन में आग लग गई।
इसके बाद चालक ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना पर सीओ चौरीचौरा कुंदन सिंह और प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश शर्मा मौके पर पहुंचे। तीन दमकल की गाड़ियों की मदद से केबिन में लगी आग बुझाई गई। आग पूरी तरह बुझने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। सिलिंडर सुरक्षित रहने से बड़ा हादसा टल गया। शनिवार को भारत गैस बैतालपुर के सेफ्टी अधिकारी मयंक सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और चालक से घटना के संबंध में जानकारी ली।
गांव में खड़े होते हैं गैस और तेल के वाहन
आमकोल गांव में करीब आधा दर्जन रसोई गैस ट्रक और तेल टैंकर चालक रहते हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, चालक अक्सर गैस से लदे वाहन रात में गांव की सड़क के किनारे खड़े कर घर चले जाते हैं और सुबह गैस एजेंसी के लिए निकलते हैं। ग्रामीण कई बार इसका विरोध कर चुके हैं। इसके बावजूद गैस से लदे वाहन गांव के पोखरे, पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय के आसपास खड़े किए जाते हैं। शुक्रवार रात विद्यालय के सामने खड़े गैस सिलिंडर लदे ट्रक में आग लगने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई।