बड़हलगंज। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन और भरत मिलाप शोभायात्रा के दौरान निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक आवाज में डीजे बजाने के आरोप में पुलिस ने तीन संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, संचालकों को पहले ही ध्वनि सीमा और साउंड बॉक्स की संख्या के नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई थी।
जानकारी के मुताबिक, 21 अक्तूबर को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान अमित डीजे इवेंट और पूजा साउंड सर्विस ने आठ-आठ साउंड बॉक्स लगाकर जुलूस निकाला। अमित डीजे इवेंट विक्रांत उर्फ विक्रम सोनकर की प्रतिमा और पूजा साउंड सर्विस अर्जुन सोनकर की प्रतिमा के साथ शामिल थी। वहीं, 22 अक्तूबर की देर रात निकली भरत मिलाप शोभायात्रा में शिवम डीजे पर भी आठ साउंड बॉक्स लगाकर निर्धारित सीमा से अधिक आवाज में डीजे बजाने का आरोप है। शिकायत में कहा गया है कि तेज आवाज से जुलूस मार्ग के आसपास रहने वाले लोगों, बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी हुई। आरोप है कि पूर्व में हिदायत दिए जाने के बावजूद संचालकों ने नियमों का पालन नहीं किया। कोतवाल अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि कस्बा चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार मिश्रा की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।