सोनौली कोतवाली क्षेत्र के खनुआ गांव में सोमवार की रात प्याज तस्करी को लेकर तस्करों और एसएसबी जवानों के बीच झड़प हो गई। जिसे देख तस्करो के समर्थन में अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। एसएसबी के तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद व चालीस अज्ञात के खिलाफ बलवा, सरकारी काम में बाधा सहित अन्य मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार की देर रात लगभग खनुआ गांव के कुछ तस्कर बाइक से प्याज लेकर नेपाल की तरफ जा हे थे। इस दौरान 66 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल बीओपी खनुआ के कुछ जवान गश्त कर रहे थे। आशंका होने पर जवानों ने युवको को रोककर पूछताछ शुरू कर दिया। इस दौरान युवक एसएसबी जवानों पर भड़क गए और फिर कहासुनी होने लगी। जिसकी जानकारी मिलते ही भारी संख्या में ग्रामीण भी जुट गए।
कुछ तस्कर एसएसबी जवानों से गाली गलौज करते हुए लाठी, डंडे लेकर मारने पीटने लगे। विवाद बढ़ता देख जवानों ने अपने अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सोनौली पुलिस और सीओ रणविजय सिंह भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस को आता देख तस्कर मौके से फरार हो गए। मौके से एक बाइक बरामद कर ली गई। जिसे पुलिस थाने ले गई। कोतवाल सोनौली आशुतोष सिंह ने बताया कि एसएसबी बीओपी खनुआ के एसआई लोटन यादव की तहरीर पर सुरेंद्र, आशीष, धीरज सहित 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुचांने, धमकी, मारपीट करने सहित अन्य धारा में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।