- रामगढ़ताल क्षेत्र का मामला, पुलिस कर रही जांच
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में एक ड्राइवर ने डॉक्टर और उनके पिता पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुट गई है।
खोराबार निवासी कृष्ण मोहन पाठक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह डॉक्टर की गाड़ी चलाते हैं। 16 नवंबर की शाम करीब सात बजे डॉ. राजीव सिंह की गाड़ी लेकर चंद्रा अस्पताल गया था। इसी दौरान डॉक्टर राजीव स्वयं गाड़ी लेकर कहीं चले गए। जब वह जानकारी लेने उनके घर पहुंचा तो वह उसे देखते ही गाली देने लगे। पीड़ित ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर डॉ. राजीव सिंह और उनके पिता राजकुमार सिंह ने उसे धक्का देकर जमीन पर पटक दिया और लात-घूसों से बुरी तरह पीटा।
आरोप है कि दोनों ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए घर से भगा दिया। थाना प्रभारी नितिन रघुनाथ ने बताया कि मामले में पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।