वित्तमंत्री सुरेश खन्ना। (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश सरकार के वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि पूर्वांचल के बैंकर्स हुनरमंद लोगों को लोन दें। ताकि अधिक से अधिक रोजगार सृजन हो सके। उन्होंने बैंकिंग क्षेत्रों से आग्रह किया कि पूर्वांचल के लिए विकास के लिए न्यूनतम 40 हजार करोड़ की व्यवस्था करें।
वित्तमंत्री शुकव्रार को गोरखपुर विश्वविद्यालय में आयोजित मेगा सेमिनार सह वेबिनार के दूसरे दिन संवाद भवन में बैंकर्स मीट को संबोधित कर रहे थे। वित्तमंत्री ने कहा कि सीडी रेसियो बढ़ाने के लिए बैंक उन लोगों को प्रोत्साहित करें जो नए आइडिया लेकर बैंक से लोन मांगने आ रहे हैं। उन्हें लोन देने से रोजगार का सृजन भी होगा। कहा कि हमारा फोकस इस बात पर है कि पूर्वांचल के लोगों को अधिक से अधिक रोजगार मिले।
लैंडलेस किसानों को रोजगार देने की आवश्यकता है। बैंक स्वयं सहायता समूह का खाता खोलने में लापरवाही न करें। इंस्टीट्यूशनल फाइनेंस के अपर मुख्य सचिव संजीव मित्तल ने सत्र की शुरूआत करते हुए कहा कि पूर्वांचल के विकास में बैंकर्स का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने बैंकर्स से आग्रह किया कि पूर्वांचल के अधिकांश छोटे एवं सीमांत किसान हैं। उन्हें छोटी धनराशि की आवश्यकता होती।
उन्होंने बैंकर्स से आग्रह करते हुए कहा कि किसानों को आसानी से लोन दें। पूर्वांचल विकास बोर्ड के सलाहकार साकेत मिश्र ने कहा कि पूर्वांचल के विकास में केवल आंकडों को देखकर योजना न बनाई जाए, बल्कि जमीनी हकीकत को देखकर योजनाएं बनाई जाएं। विश्वविद्यालय ने इस साल से 50 नए रोजगारपरक कोर्स शुरु किए है। इससे भी पूर्वांचल में रोजगार सृजन होगा। निजी क्षेत्र के लोगों को भी विकास में निवेश करने के लिए प्रोत्साहित करने की आवश्यता है।
बड़ौदा यूपी बैंक के चेयरमैन वीपी ग्रोवर, प्रयागराज के इंडियन बैंक के जीएम विनोय कुमार, बैंक आफ बड़ौदा के जीएम बृजेश कुमार सिंह ने भी अपने बैंकों के कार्यों का उल्लेख किया। सह अध्यक्ष प्रो राकेश कुमार तिवारी ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर बैंकर्स मीट की संयोजिका प्रो उमा श्रीवास्तव, डीजीएम इंडियन बैंक एके झा, एसबीआई रीजनल मैनेजर मनीष सतपाल, एसबीआई भोपाल के अवनिंद्र सिन्हा आदि शामिल रहे।