अमर उजाला ब्यूरो
सहजनवां। क्षेत्र के एक गांव में बुधवार की रात छेड़खानी के मामले में दो पक्ष भिड़ गए। मारपीट में दोनों तरफ से छह लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा। बृहस्पतिवार को दोनों पक्ष से मिली तहरीर पर पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है।
सहजनवां के पाली ब्लाक क्षेत्र के एक गांव में खेत में कार्य कर रही युवती को देखकर गांव का मनबढ़ छेड़खानी करने लगा। शोर सुनकर दूसरे खेत में काम कर रहे भाई ने मनबढ़ को दौड़ाकर पीट दिया। इसके बाद मामला शांत हो गया। शाम सात बजे इस मामले में दोनों के परिजन आमने सामने हो गए और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
किशोरियों से छेड़छाड़, विरोध पर पिता व भाई को पीटा
सरदारनगर। चौरी चौरा के एक गांव में बकरी चरा रही दो किशोरियों के साथ मनबढ़ ने छेड़खानी की। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे पिता और चचेरे भाई ने विरोध किया तो साथियों के साथ मिलकर मनबढ़ ने उन्हें पीट दिया। बृहस्पतिवार को पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलने पर पुलिस ने उदयभान, नीरज, धीरज और आतेश के विरुद्ध केस दर्ज किया।
पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि तीन दिन पूर्व उनकी पुत्री और भतीजी गांव में स्थित घाट के बगल में बकरी चरा रही थीं। इसी बीच बगल के गांव का उदयभान वहां पहुंचा और दोनों के साथ छेड़खानी करने लगा। शोर सुनकर वह मौके पर पहुंचे तो आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर उनके ऊपर हमला कर दिया। इसमें उनका सिर फट गया और दाहिने हाथ की दो अंगुलियां टूट गईं। बचाने आए भतीजे को भी आरोपियों ने पीटकर घायल कर दिया।