गुलरिहा (गोरखपुर)। गुलरिहा इलाके के झुगिया बाजार में सोमवार की रात उधार में पनीर देने से मना करने पर ग्राहक और दुकानदार में मारपीट हो गई। दोनों पक्षों की तहरीर पर गुलरिहा पुलिस ने कुल पांच लोगों पर मारपीट का केस दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक, शाहपुर थाना क्षेत्र के खरैया पोखरा बशारतपुर निवासी राजू प्रसाद झुगिया बाजार के सामने बाइक पर पनीर बेचता है। आरोप है कि सोमवार की रात में करीब 8:30 बजे झुगिया बाजार निवासी प्रदीप शर्मा एक किलो पनीर लेकर जाने लगा। उधार में पनीर देने से मना किया तो गाली देते हुए मटर की बोरी ऊपर फेंक दी और दो साथियों के साथ मिलकर पिटाई करने लगा। पीड़ित की पत्नी बीच-बचाव करने लगी तो आरोपी ने ईंट से सिर फोड़ दिया।
दूसरे पक्ष के प्रदीप शर्मा का आरोप है कि 28 मार्च 2022 से राजू को दूध देता हूंं। 37 रुपये की दर से 581 लीटर दूध का 13949 रुपये बकाया है। 15 अगस्त की शाम सात बजे बकाया रुपये मांगने पर राजू और उसकी पत्नी गाली देते हुए दूध के ढक्कन से सिर व दाहिने कंधे पर मार दिया व जान से मारने की धमकी दी। गुलरिहा पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर बुधवार को पांच लोगों पर मारपीट व धमकी का केस दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक गुलरिहा जयनारायण शुक्ल ने बताया केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।