सहजनवां थाना क्षेत्र के बिजौवा गांव के नचनी टोला में क्रिकेट खेलने के दौरान दो पक्षों में मारपीट हो गई। लाठी डंडे से मारपीट में आठ लोग जख्मी हो गए। जिसमें गंभीर रूप से घायल पांच को अस्पताल भेजा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों ही पक्ष के आरोपितों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मारपीट में महेश यादव, चंद्रेश यादव, शैलेश यादव, कंचन, संदीप, शिवम मौर्या, रामबचन मौर्या, विक्की मौर्या को चोट आई है। जानकारी के मुताबिक नचनी टोला के शिवम मौर्या, शत्रुधन आदि क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान यादव पक्ष के लोग आए और किसी बात पर कहासुनी हो गई।
थोड़ी देर बाद दोनों ही पक्ष के लोग लाठी डंडा लेकर आमने समाने हो गए और मारपीट शुरू हो गई। शोर सुनकर गांव के लोग दौड़े और बीच बचाव कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। इस संबंध में प्रभारी चौकी इंचार्ज बालगंगाधर शुक्ल ने बताया कि बच्चों के विवाद को लेकर दोनों पक्ष भिड़ गए थे। दोनों पक्ष के लोगों को हिरासत में लेकर जांच की जा रही है।