गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के तीन शोधार्थियों डॉ. प्रवीण कुमार सिंह, डॉ. सुरभि अग्रवाल और डॉ. मयंक श्रीवास्तव को अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों में शोध कार्य के लिए पोस्ट डॉक्टोरल फेलोशिप प्रदान की गई है। तीनों ने भौतिकी विभाग में प्रो. डीके द्विवेदी के निर्देशन में शोध कार्य किया है।
डॉ. प्रवीण को प्रतिष्ठित ''एलेग्जेंडर वॉन हमबोल्ट फाउंडेशन'' की ओर से दी जाने वाली ''हमबोल्ट एक्सपीरियंस्ड रिसर्चर फेलोशिप'' प्रदान की गई है। यह फेलोशिप प्रतिवर्ष विश्व के चुनिंदा अनुभवी शोधकर्ताओं को दी जाती है। वह इसके तहत रूर यूनिवर्सिटी, बोखुम, जर्मनी में प्रो. थॉमस अर्नेस्ट म्युलर के साथ ट्राइबोइलेक्ट्रिक नैनो जेनरेटर पर शोध करेंगे।
डॉ. मयंक को रेडिकल रिएक्शन्स रिसर्च सेंटर, केमिकल साइंसेज डिपार्टमेंट, एरियल यूनिवर्सिटी, इस्राइल की ओर से पोस्ट डॉक्टोरल फेलोशिप प्रदान की गई है। वहां वह प्रो. हाया कॉर्नवेट्ज के साथ सतह उत्प्रेरण आधुनिक ऊर्जा प्रौद्योगिकी की दिशा में शोध करेंगे।
डॉ. सुरभि को डिपार्टमेंट ऑफ न्यूट्रॉन एंड आयन मैथड्स, न्यूक्लियर फिजिक्स इंस्टीट्यूट, चेक गणराज्य की ओर से पोस्ट डॉक्टोरल फेलोशिप प्रदान की गई है। वहां वह प्रो. जिरी वाचिक के साथ फेरोइक मल्टीफंक्शनैलिटीज पर शोध करेंगीं।
कुलपति प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा ने इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह विश्वविद्यालय में विकसित हो रही उच्च स्तरीय शोध संस्कृति का प्रमाण है। यह इस बात का संकेत है कि यहां के शोध कार्य वैश्विक वैज्ञानिक समुदाय में अपनी पहचान बना रहे हैं।
शोध के प्रति समर्पित रहे तीनों शोधार्थी
तीनों शोधार्थियों के शोध निर्देशक प्रो. डीके द्विवेदी ने बताया कि शोध के दौरान इनका प्रदर्शन आउटस्टैंडिंग रहा। ये बहुत समर्पित शोधार्थी हैं। अलग-अलग क्षेत्रों में इनका शोध कार्य भी उत्कृष्ट रहा। उनके शोध कार्यों के कारण ही उनका चयन दुनिया के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में पोस्ट डॉक्टोरल फेलोशिप के लिए हुआ है।