खाद्य एवं रसद विभाग के विशेष सचिव ने किया गेहूं क्रय केंद्रों का निरीक्षण
सहजनवां। खाद्य एवं रसद विभाग के विशेष सचिव आरबी सिंह ने शासन के निर्देश पर सोमवार को गेहूं क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ गेहूं क्रय केंद्रों पर इलेक्ट्रानिक कांटे में गड़बड़ी मिली। विशेष सचिव ने नाराजगी जताते हुए गड़बड़ी को ठीक करने के निर्देश दिए।
कृषि उत्पादन मंडी समिति स्थित विपणन के प्रथम और द्वितीय गेंहू क्रय केंद्र पर निरीक्षण के दौरान इलेक्ट्रॉनिक कांटे की जांच की गई। 10 किग्रा बाट रखकर हकीकत जाने की कोशिश की गई तो वजन 10.60 ग्राम बताया। 50 किग्रा के बोरा की तौल कराने पर 10.260 किग्रा आया। जिस पर केंद्र प्रभारियों पर नाराजगी जाहिर करते हुए इलेक्ट्रॉनिक कांटे को ठीक कराने का निर्देश दिया। द्वितीय केंद्र पर दो किसान आये थे। पाली के राम सिंह से 10.50 क्विंटल, हीरा सिंह से क्विंटल गेंहू की खरीद की गयी थी।
विशेष सचिव ने गीडा स्थित सेक्टर- 22 में एफसीआई गोदाम और सेंटर का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जब एफसीआई क्रय केंद्र पहुंचे तो पता चला यहां पर एक भी किलो गेहूं की खरीद नहीं की गई है। उन्होंने केंद्र प्रभारी पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने एफसीआई गोदाम पर गंदगी देख नाराजगी जाहिर की। उसके बाद गोदाम पर स्थित धर्म कांटा पर वाट रखकर सत्यापन कराया। इस दौरान संभागीय खाद्य विपणन अधिकारी संजीव कुमार,जिला खाद्य विपणन अधिकारी राकेश मोहन पाण्डेय, क्षेत्रीय खाद्य विपणन अधिकारी प्रवीण कुमार श्रीवास्तव, रंजन श्रीवास्तव, विपणन निरीक्षण संजय शुक्ल आदि मौजूद रहे।