गोरखपुर। गीडा इलाके के नौसड़ स्थित एकडंगा गांव के पास मंगलवार की दोपहर एक बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में एक अधेड़ की मौत हो गई, जबकि उसका दामाद घायल हो गया। घायल को मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, संतकबीर नगर निवासी अजय निषाद (23) की शादी एक वर्ष पूर्व बहरामपुर निवासी सोमई निषाद की बेटी पूजा से हुई थी। अजय शादी के बाद से ही अपने ससुराल में रहता है। मंगलवार की दोपहर बरहुवा की तरफ से अजय निषाद व उसके ससुर सोमई मजदूरी करके बाइक से खाना खाने बहरामपुर स्थित घर जा रहे थे। एकडंगा गांव के पास बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। जिससे दोनों लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। जहां डाक्टरों ने 50 वर्षीय सोमई को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनके दामाद अजय को डॉक्टरों ने मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार चल रहा।