पिता को शराब पीने से रोका तो खाया जहर, पछतावे में बेटे ने भी खा लिया, दोनों की मौत
गोरखपुर। रामगढ़ ताल इलाके के रानीबाग में शराब ने दो जिंदगियां लील लीं। जहर खाने से पिता-पुत्र की मौत से पूरे परिवार में मातम छाया है। दरअसल, बेटा पिता को शराब पीने से मना कर रहा था, इस बात से नाराज होकर पिता ने जहर खा लिया। मुंह से झाग निकलता देख बेटे को इस बात का पछतावा हुआ कि आखिर उसने पिता को क्यों शराब पीने से मना किया, फिर उसने भी जहर खा लिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, रानीबाग निवासी रामहरख निषाद मजदूरी करते थे। मंगलवार की दोपहर को शराब के नशे में घर आए। यह बात उनके 14 वर्षीय इकलौते बेटे रवि को नागवार लगी और वह पिता को शराब पीने से मना करने लगा। इससे नाराज होकर रामहरख ने घर पर ही जहर खा लिया। उनकी हालत बिगड़ गई। यह देख रवि को पछतावा हुआ कि उसके मना करने की वजह से ही पिता ने जहर खाया। इस पछतावे में उसने भी जहर खा लिया। दोनों को मोहल्ले के लोगों के सहयोग से जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था कि रास्ते में रामहरख ने दम तोड़ दिया। उनके शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया। उधर, रवि की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल ले जाते समय उसकी भी रास्ते में मौत हो गई। परिजन शव को लेकर घर चले गए। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना पर आजादनगर चौकी पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में आजाद नगर चौकी प्रभारी आशीष सिंह ने बताया कि परिवार बेहद गरीब है। शराब पीने से मना करने पर पिता ने जहर खाया। फिर बेटे ने भी जहर खा लिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। मामले की जांच की जा रही है।