मृतक अमरजीत शर्मा, पुत्र विकास शर्मा। (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला।
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-28 स्थित प्रेमवलिया चौराहा के पास बुधवार की सुबह टहलने निकले पिता-पुत्र को कोई वाहन टक्कर मारकर चला गया। इस हादसे में पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता ने इलाज के दौरान गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया।
बुधवार की सुबह करीब पांच बजे मां कोटेश्वरी नगर (प्रेमवलिया) निवासी अमरजीत शर्मा (50) रोज की तरह पुत्र विकास शर्मा (15 ) के साथ टहलने निकले थे। टहलकर फोरलेन के दक्षिण साइड के लेन से घर वापस लौट रहे थे।
इसी बीच गांव से लगभग 100 मीटर दूर स्थित प्रेमवलिया चौराहे के पास अचानक पीछे से आए किसी वाहन ने पिता-पुत्र दोनों को टक्कर दिया। हादसे के बाद पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौजूद लोगों की मदद से घायल पिता को सीएचसी कसया भेजवाया गया, जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार कर गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
इस संबंध में एसओ राम आशीष सिंह यादव ने बताया कि हादसे के मामले में अज्ञात वाहन स्वामी व चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।