चमोली हादसे में लापता लोगों के परिजनों के परिजनों को दी गई आर्थिक मदद।
- फोटो : अमर उजाला।
उत्तराखंड हादसे में गोरखपुर जिले से लापता हुए चार लोगों के परिजनों को जिला प्रशासन ने बुधवार को 10-10 हजार रुपये की आर्थिक मदद की। डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने निर्देश दिया कि जरूरतमंद परिवारों को खाद्यान्न आदि सुविधाएं भी मुहैया कराई जाएं। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में प्रशासन और शासन पीड़ित परिवारों के साथ है।
हादसे के बाद अभी तक किसी भी लापता के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। बुधवार को डीएम ने आपदा प्रभारी व एडीएम वित्त एवं राजस्व राजेश कुमार सिंह को लापता लोगों के घरवालों के पास सहायता पहुंचाने को कहा। उसके बाद आपदा विभाग से नकद धनराशि दी गई। राजस्व निरीक्षक एवं लेखपाल, लापता हुए सभी चारों लोगों के घर पहुंचे। उन्हें धनराशि दी। ढाढ़स बंधाया और भरोसा दिलाया कि प्रशासन उनके साथ है।
बता दें कि गोरखपुर के जगतबेला क्षेत्र के गौरा खास निवासी वेद प्रकाश सिंह एवं धनुर्धारी सिंह, बुढ़ियाबारी निवासी नागेंद्र उर्फ चंदन सिंह एवं सहजनवां क्षेत्र के ग्राम केशोकुरहा निवासी शेषनाथ यादव, रविवार को हुए उत्तराखंड हादसे में लापता है।
कंट्रोल रूम स्थापित
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एवं प्रभारी आपदा राजेश कुमार सिंह ने बताया कि उत्तराखंड हादसे में लापता लोगों के परिजनों को जरूरी सूचनाएं देने एवं प्राप्त करने के लिए जिले में कंट्रोल रूम बनाया गया है। हेल्पलाइन नंबर 0551-2201776 एवं मोबाइल नंबर 9454416252 पर फोन कर लापता लोगों के बारे में जानकारी दी जा सकती है।