फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gorakhpur News: असली के बदले देते थे 100 रुपये के चार नकली नोट, गिरोह के पांच गुर्गे गिरफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
गोरखपुर। गुलरिहा थाना पुलिस ने सोमवार को नकली नोट बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच गुर्गों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 500 और 100 रुपये के नकली नोट, प्रिंटर, कंप्यूटर, विशेष पेपर और नोट छापने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्रियां बरामद की गई हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे असली के बदले 100-100 रुपये के चार नकली नोट तैयार कर खपा देते थे। आरोपी इन नोटों को बाजार में आसानी से चलने की गारंटी भी देते थे।
विज्ञापन

पकड़े गए आरोपियों की पहचान शाहपुर इलाके के पादरी बाजार न्यू क्रिश्चियन कॉलोनी निवासी करन सिंह, गोरखनाथ क्षेत्र के बरगदवां निवासी मोहित कुमार, पादरी बाजार निवासी विशाल शर्मा, मोहनापुर निवासी आशीष शर्मा और कुशीनगर के अहिरौली थाना क्षेत्र के भलुई पिपराटोला निवासी आकाश सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, मोहित कुमार सिविल कोर्ट में अधिवक्ता है, जबकि आकाश सिंह मेडिकल स्टोर संचालित करता है। विशाल शर्मा की प्रिंटिंग प्रेस है, जहां आशीष शर्मा काम करता था। सभी आरोपी आपस में दोस्त बताए जा रहे हैं।
विज्ञापन

एसपी सिटी निमिष पाटील ने सोमवार को व्हाइट हाउस सभागार में प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि गुलरिहा थाना पुलिस संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पादरी बाजार स्थित सरस्वतीपुरम कॉलोनी की एक दुकान में नकली नोट बनाने का काम चल रहा है। सूचना मिलते ही गुलरिहा पुलिस, एसओजी और सर्विलांस सेल की टीम ने संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
प्रिंटिंग प्रेस में कंप्यूटर और प्रिंटर की मदद से तैयार करते थे नकली नोट
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी प्रिंटिंग प्रेस में कंप्यूटर और प्रिंटर की मदद से नकली नोट तैयार करते थे। नोटों की प्रिंटिंग के लिए विशेष डिजाइन और गांधीजी की तस्वीर वाले फर्मा भी तैयार किए गए थे। आरोपियों के कब्जे से 500 रुपये के नौ नकली नोट, 100 रुपये का एक नकली नोट, चार मोबाइल फोन, एक आई फोन, मॉनिटर, सीपीयू, की-बोर्ड, माउस, दो प्रिंटर, इंक के चार डिब्बे और ए-4 साइज के कागज बरामद किए गए हैं। इसके अलावा विभिन्न प्रकार के प्रिंटेड नकली नोट के 49 फर्मा, दोनों तरफ से छपे 14 नकली नोट, नोट में इस्तेमाल होने वाला तार, गांधीजी की तस्वीर वाले चार फर्मा और 500 रुपये के नोट के आकार के 39 बंडल काले रंग के प्रिंटेड व सादे कागज भी बरामद हुए हैं।
बोले एसपी सिटी
इस संबंध में एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि पूछताछ में बिहार के एक व्यक्ति का नाम भी सामने आया है, जिसकी तलाश की जा रही है। उसे भी इस मामले में आरोपी बनाया गया है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें