प्रिंसिपल और कुछ शिक्षकों के बीच तनातनी में दी गई हंगामे को हवा
प्रशासन सख्त, डीएम ने एडीएम प्रशासन से जांच कर मांगी रिपोर्ट
गोरखपुर। पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय, पीपीगंज में चल रहे बवाल के पीछे प्रिंसिपल और शिक्षकों के बीच आपसी गुटबाजी भी सामने आ रही है। अंदरखाने चर्चा है कि प्रिंसिपल और कुछ शिक्षकों के बीच खींचतान ज्यादा बढ़ गई है और मोहरा पढ़ने आए विद्यार्थी बने हैं। गुटबाजी के मद्देनजर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने बच्चों के साथ ही शिक्षकों से भी बात कर मामला सुलझाने की कोशिश की थी लेकिन हादसे में शिक्षक अभय सिंह की मौत के बाद मामला बिगड़ गया है। हालांकि, मामले को प्रशासन ने बहुत ही गंभीरता से लिया है। डीएम ने पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, नए प्रिंसिपल संजीव सक्सेना ने करीब चार महीने पहले ही जॉइन किया है। एक महीने तो सबकुछ ठीक रहा है लेकिन इसके बाद कुछ सीनियर शिक्षकों से उनकी तनातनी शुरू हो गई। इसी के बाद से कॉलेज परिसर में गुटबाजी बढ़ने लगी। उधर, व्यवस्था को लेकर विद्यार्थियों में भी विद्यालय प्रशासन के खिलाफ नाराजगी थी।
चर्चा है कि शिक्षकों के एक गुट ने कुछ विद्यार्थियों को हवा दे दी। प्रशासन भी अब इस मामले को अंदरूनी राजनीति से जोड़कर देख रहा है। मामला अगर ठंडा नहीं हुआ तो प्रशासन सख्त रुख अपना सकता है। उधर, डीएम ने पूरे मामले की जांच की जिम्मेदारी एडीएम प्रशासन को सौंपी है।
पूरे प्रकरण की जानकारी है। सीओ और एडीएम प्रशासन ने जाकर बच्चों और शिक्षकों से बातचीत की थी। किसी भी दशा में परिसर में राजनीति नहीं होने दी जाएगी। जो भी ऐसा करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एडीएम प्रशासन से मामले की जांच कर कर रिपोर्ट मांगी गई है। मैं खुद विद्यालय जाकर बच्चों और शिक्षकों से बातचीत करुंगा।
-दीपक मीणा, डीएम