उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले को पीपीगंज इलाके में नकली देसी शराब तैयार कर बेचे जाने का आबकारी विभाग ने भंडाफोड़ किया। डीएम के आदेश पर की गई कार्रवाई में भारी मात्रा में नकली शराब तैयार करने के लिए रखा गया स्प्रिट ढक्कन क्यूआर कोड बरामद हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, आबकारी निरीक्षक राकेश कुमार त्रिपाठी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से स्प्रिट, नकली ढक्कन एवं क्यूआर कोड की तस्करी की जा रही है। आबकारी निरीक्षक ने अपने टीम के साथ बुधवार की रात करीब दस बजे जंगल कौड़िया मे जयसिंह पुत्र राधेश्याम निवासी पीपीगंज को स्कूटी, स्प्रिट एंव नकली ढक्कन के साथ गिरफ्तार कर लिया।
जयसिंह ने बताया कि वह इस माल की सप्लाई मजनू चौराहे पर संतोष कुमार को देने जा रहा था। उसकी निशानदेही पर थाना पीपीगंज अन्तर्गत बगहीभारी स्थित बबलू पुत्र किशोर के घर से 400 लीटर स्प्रिट बरामद किया गया।
जयसिंह एंव बबलू ने बताया है कि उन्हे यह माल भटहट निवासी जगदीश गुप्ता एंव सोनू यादव सप्लाई करते थे जिनके लिए वह यह काम करते थे। जयसिंह एवं बबलू उक्त माल की सप्लाई आसपास की देशी शराब की दुकानों के साथ ही अन्य जनपदों में भी करते थे। आबकारी विभाग की ओर से पकड़े गए दो लोगों को पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया है।