यूपी बोर्ड परीक्षा समाप्त होने के बाद एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली की बधाई देती छात्राएं।
- फोटो : अमर उजाला
बेसिक और माध्यमिक स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे होली पर खूब मौज-मस्ती कर सकेंगे। ऐसा इसलिए कि होली से ठीक पहले उनकी परीक्षाएं समाप्त हो जाएंगी। उन्हें परीक्षा का टेंशन नहीं रहेगा।
बेसिक शिक्षा विभाग की वार्षिक परीक्षाएं 16 मार्च से शुरू होनी है और 21 मार्च को संपन्न हो जाएगी।
परीक्षा समाप्ति के 10 दिन बाद ही 31 मार्च को परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। इसके लिए शिक्षा विभाग तैयारियों में जुटा है। बोर्ड की तर्ज पर विभाग न केवल प्रश्न पत्रों को खंड शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से वितरित कराया जाएगा, बल्कि कक्षा छह से आठ का मूल्यांकन भी न्याय पंचायत और ब्लॉक संसाधन केंद्र पर पर कराया जाएगा।
कक्षा एक की सिर्फ मौखिक परीक्षा होगी, वहीं कक्षा छह से आठ तक की सिर्फ लिखित परीक्षा होगी। जिला समन्वयक बेसिक शिक्षा विवेक जायसवाल ने बताया कि परीक्षा की शुचिता को बरकरार रखने के लिए सील बंद प्रश्न पत्र जिला शिक्षण व प्रशिक्षण संस्थान से खंड शिक्षा अधिकारियों को उपलब्ध कराए जाएंगे। परीक्षा के दौरान विद्यालय में प्रधानाध्यापक के अलावा सिर्फ एक ही स्कूल के शिक्षक मौजूद रहेंगे। जरूरत के अनुसार, आस-पास के अन्य विद्यालयों के शिक्षकों की ड्यूटी परीक्षा के लिए लगाई जाएगी।