गोरखपुर। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर से लखनऊ और आजमगढ़ के बीच अनारक्षित परीक्षा विशेष ट्रेनें चलाएगा। आजमगढ़ से आने वाली ट्रेन 24, 29 और 31 अक्तूबर को गोरखपुर पहुंचेगी। वहीं, गोरखपुर से लखनऊ के लिए 24 और 31 अक्तूबर को परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलेगी।
आजमगढ़ से रात 11:55 बजे पहुंचेगी ट्रेन
ट्रेन नंबर 05151 आजमगढ़-गोरखपुर अनारक्षित परीक्षा विशेष 24, 29 और 31 अक्तूबर को आजमगढ़ से शाम सात बजे रवाना होगी। यह मऊ, इंदारा, बेल्थरा रोड, भटनी और देवरिया सदर होते हुए रात 11:55 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 05152 गोरखपुर-आजमगढ़ परीक्षा विशेष 25 और 30 अक्तूबर तथा एक नवंबर को गोरखपुर से शाम 6:30 बजे रवाना होगी। यह देवरिया सदर, भटनी, बेल्थरा रोड, इंदारा और मऊ होते हुए रात 11 बजे आजमगढ़ पहुंचेगी।
गोरखपुर से लखनऊ के लिए रात 8:35 बजे रवाना होगी ट्रेन
ट्रेन नंबर 05007 गोरखपुर-लखनऊ जंक्शन अनारक्षित परीक्षा विशेष 24 और 31 अक्तूबर को गोरखपुर से रात 8:35 बजे चलेगी। यह आनंदनगर, सिद्धार्थनगर, बढ़नी, तुलसीपुर, बलरामपुर, गोंडा, करनैलगंज, बुढ़वल, बाराबंकी और बादशाहनगर होते हुए अगले दिन सुबह 4:45 बजे लखनऊ पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 05008 लखनऊ जंक्शन-गोरखपुर परीक्षा विशेष 25 अक्तूबर और एक नवंबर को लखनऊ से रात 8:55 बजे रवाना होगी। यह अगले दिन सुबह चार बजे गोरखपुर पहुंचेगी। रेलवे प्रशासन के अनुसार, परीक्षा विशेष ट्रेनों में सामान्य द्वितीय और शयनयान श्रेणी के 10 कोच तथा दो एसएलआर कोच समेत कुल 12 अनारक्षित कोच लगाए जाएंगे।