-बीएससी एजी आठवें सेमेस्टर का रिजल्ट नहीं निकलने से छात्र काउंसलिंग से हो रहे बाहर
-अंतिम सेमेस्टर का मार्कशीट नहीं होने से तमाम प्रतियोगी परीक्षाओं में नहीं करा पा रहे काउंसलिंग
-शुक्रवार को शहर में बारिश के बावजूद भी गोविवि के प्रशासनिक भवन पहुंचे छात्र
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्याल से संबंद्ध महाविद्यालयों के बीएससी एजी अंतिम सेमेस्टर के छात्रों के भविष्य पर संकट का बादल मंडराने लगा है। अंतिम सेमेस्टर के परीक्षा का परिणाम घोषित नहीं होने से उन्हें तमाम प्रतियोगी परीक्षाओं के काउंसलिंग से बाहर होने का डर सता रहा है। इससे परेशान छात्र शुक्रवार को बारिश के बावजूद गोविवि के प्रशासनिक भवन पहुंचें। वहां परीक्षा नियंत्रक से मुलाकात कर परीक्षा परिणाम घोषित कर मार्कशीट जारी करने की गुहार लगाई।
गोविवि से संबंद्ध दो महाविद्यालय बीआरडी पीजी कॉलेज देवरिया व नेशनल पीजी कॉलेज बड़हलगंज में बीएससी एजी की पढ़ाई होती हैं। इन दोनों महाविद्यालयों के बीएससी एजी आठवें सेमेस्टर के छात्रों की प्रायोगिक परीक्षाएं अप्रैल महीने में ही समाप्त हो गई। तभी से वह परीक्षा परिणाम का इंतजार कर रहे हैं। इस बीच उन्होंने आगे की पढ़ाई के लिए कई प्रतियोगी परीक्षा दिए, जिसके परिणाम भी आ गए और काउंसलिंग भी शुरू हो गई। लेकिन रिजल्ट जारी नहीं होने से उन्हें आठवें सेमेस्टर का मार्कशीट नहीं मिली। जिसकी वजह से काउंसलिंग में शामिल नहीं हो पा रहे हैं।
शुक्रवार को बारिश के बावजूद दूर-दराज क्षेत्रों से आये छात्र प्रशासनिक भवन परीक्षा नियंत्रक से मिलने पहुंचे। लंबे इंतजार के बाद परीक्षा नियंत्रक से उनकी मुलाकात हुई। उन्होंने अपना एक साल बर्बाद होने का हवाला देते हुए जल्द परीक्षा परिणाम घोषित करने के साथ मार्कशीट जारी करने की गुहार लगाई।
यूपी कैटेट की 7 जुलाई से होनी है काउंसलिंग
परीक्षा परिणाम घोषित कराने की मांग को लेकर प्रशासनिक भवन आए उत्कर्ष, शनिदेवल, विवेक कुशवाहा, सोनू कन्नौजिया, मैत्री सिंह, आदर्श यादव, सतीश आदि छात्राें ने बताया कि यूपी के चार कृषि विश्वविद्यालयों में प्रवेश के लिए राज्य स्तरीय प्रवेश परीक्षा (यूपीकैटेट) परीक्षा आयोजित की जाती है। इस परीक्षा में दोनों महाविद्यालयों के करीब 30 छात्र अच्छे रैंक से उत्तीर्ण हुए हैं। इसकी काउंसलिंग 7 जुलाई से होनी है। इसके अलावा बीएचयू, सीयूईटी की काउंसलिंग भी शुरू है। वहीं एनपीजी कॉलेज के छात्र शिवम मिश्रा ने बताया कि अयोध्या में बीएससी एजी जर्नलिज्म में प्रवेश के लिए 24 जून को हुई काउंसलिंग में मार्कशीट नहीं होने से उनको बाहर कर दिया गया।