- चेन्नई से बृहस्पतिवार की शाम रवाना की गई थी ट्रेन की रेक
- गोरखपुर वाशिंग पिट का काम पूरा, अन्य तैयारियों में जुटा रेल प्रशासन
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। वंदे भारत एक्सप्रेस के लिए पूर्वोत्तर रेलवे को आवंटित रेक शनिवार की सुबह सात बजे तक गोरखपुर पहुंच जाएगी। गोरखपुर पहुंचने के बाद इसका ट्रायल किया जाएगा। रेलवे प्रशासन ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। ट्रेन के संचालन के लिए अभी तक रूट और समय का निर्धारण नहीं हुआ है, लेकिन इसका पहला रूट गोरखपुर-लखनऊ (वाया अयोध्या)-प्रयागराज हो सकता है।
सात जुलाई को पीएम नरेंद्र मोदी गोरखपुर आ सकते हैं। इसको देखते हुए पुलिस-प्रशासन तैयारी में जुटा है। इस दौरान इस बात की भी संभावना है कि पीएम गोरखपुर में वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएं। इसको देखते हुए रेलवे के अधिकारी भी तैयारी में जुटे हैं, लेकिन आधिकारिक पुष्टि नहीं कर रहे। हालांकि, पूर्वाेत्तर रेलवे की ओर से पहले भेजे गए प्रस्ताव में गोरखपुर से लखनऊ होते हुए प्रयागराज तक वंदे भारत ट्रेन चलाने की योजना है। इसी क्रम में इस एक्सप्रेस के लिए रेक आवंटित होने के बाद बृहस्पतिवार की शाम पांच बजे चेन्नई से गोरखपुर के लिए रवाना की गई है। इसके शनिवार की सुबह सात बजे गोरखपुर पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। यहां आने के बाद उसका ट्रायल किया जाएगा, इसके लिए रूट अभी निर्धारित नहीं हैै।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक चेन्नई से आ रही वंदे भारत आठ कोच की है। इसे हाईटेक संस्पेशन के साथ आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। इसमें लगी सीटों को 180 डिग्री तक घुमाया जा सकता है। इस ट्रेन को लेकर रेलवे के कार्यालयों में चर्चा होती रही।
0000