गोरखपुर। कोहरा कम होने के बाद कुछ ट्रेनें अब समय से चलने लगी हैं लेकिन कई ट्रेनों की लेटलतीफी अभी भी जारी है। इससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बुधवार को गोरखधाम एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें निर्धारित समय से काफी देरी से रेलवे स्टेशन पहुंचीं। गोरखधाम एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से लगभग तीन घंटे की देरी से दोपहर 12:56 बजे स्टेशन पर पहुंची। इसके अलावा नई दिल्ली-बरौनी स्पेशल ट्रेन अपने समय से सात घंटे 29 मिनट की देरी से पहुंची। वहीं, बिहार संपर्क क्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस लगभग एक घंटे की देरी से और 15910 अवध-असम एक्सप्रेस करीब तीन घंटे की देरी से गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंची। ट्रेनों के लगातार लेट होने से यात्रियों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी हो रही है और स्टेशन पर लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।