गोरखपुर। सिकरीगंज खंड के तुर्कवलिया दुघरा में झिनका और झिनकी के नाम से बिजली के कनेक्शन हैं। दोनों के घर भी आसपास हैं। नवंबर 25 में झिनकी ने अभियंताओं को बताया कि मई 25 से अगस्त 25 तक उन्होंने हर महीने बिजली के बिल का भुगतान किया लेकिन बकाया नहीं खत्म हुआ। जानकारी की तो पता चला कि चार महीने का 28 हजार 920 रुपये झिनका के खाते में जमा हो गए हैं। यह रुपये गलती से जमा हुए इसलिए वापस कराया जाए। बिजली कर्मियों ने दोनों उपभोक्ताओं में बात कराई। गांव में पंचायत के बाद दोनों उपभोक्ताओं से शपथ पत्र लिए गए। इसके बाद झिनकी का बकाया खत्म करते हुए बिजली का बिल झिनका के खाते में दर्ज किया गया। इस संबंध में अधिशासी अभियंता संतोष कुमार ने कहा कि पिछले वर्ष नवंबर में यह मामला सामने आया था। दोनों उपभोक्ताओं से शपथ पत्र लेने के बाद मामला खत्म कर दिया गया है। संवाद