- नगर निगम ने निटकॉन कंपनी को चार्जिंग स्टेशन बनाने के लिए दी स्वीकृति
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। शहर को स्वच्छ, हरित और आधुनिक परिवहन प्रणाली की ओर ले जाने के उद्देश्य से नगर निगम ने इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए एक अहम कदम उठाया है। बढ़ते प्रदूषण और ईंधन पर निर्भरता को कम करने की दिशा में नगर निगम ने शहर के प्रमुख इलाकों में ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की प्रक्रिया को तेज कर दिया है। इसी कड़ी में ‘निटकाॅन’ कंपनी के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए तीन नए ईवी चार्जिंग स्टेशन को स्थापित करने की स्वीकृति प्रदान की है।
गोरखपुर में इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में चार्जिंग सुविधाओं का विस्तार समय की आवश्यकता बन गया है। इससे पहले टाटा पावर को भी दो स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन लगाने की अनुमति दी जा चुकी है। अब निटकाॅन के तीन नए चार्जिंग स्टेशन जुड़ने से शहर का ईवी नेटवर्क और मजबूत होगा, जिससे ई-ऑटो, ई-कार और दोपहिया वाहनों के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।
अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार के अनुसार, ये चार्जिंग स्टेशन एमपी पॉलिटेक्निक के पास, यातायात तिराहा और धर्मशाला ओवरब्रिज के पास स्थापित किए जाएंगे। इन स्थानों का चयन इसलिए किया गया है ताकि शहर के भीतर और बाहर आने-जाने वाले वाहन चालकों को आसानी से चार्जिंग सुविधा मिल सके। परियोजना के तहत नगर निगम प्रत्येक स्थान पर 50 वर्ग फीट भूमि उपलब्ध कराएगा। इसके बदले कंपनी की ओर से उपयोग की जाने वाली बिजली पर प्रति यूनिट एक रुपये का भुगतान निगम को किया जाएगा। साथ ही, चार्जिंग स्टेशनों पर लगाए जाने वाले विज्ञापन पैनलों से होने वाली आय का 30 प्रतिशत हिस्सा भी नगर निगम को प्राप्त होगा।
अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार ने बताया कि यह पहल न केवल कार्बन उत्सर्जन को कम करेगी, बल्कि स्मार्ट सिटी की दिशा में गोरखपुर को एक मजबूत पहचान भी दिलाएगी। उम्मीद है कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर आम जनता के लिए यह सुविधा उपलब्ध करा दी जाएगी।