गोरखपुर। भारत निर्वाचन आयोग के 26 और 27 नवंबर को संभावित दौरे के मद्देनजर जिला निर्वाचन प्रशासन ने विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज कर दी हैं। डीएम ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत 28 और 29 नवंबर को भी सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
इन दोनों दिनों में बीएलओ अपने-अपने बूथों पर अनिवार्य रूप से मौजूद रहकर आवेदन प्राप्त करेंगे। उन्होंने ईआरओ को प्रतिदिन सुपरवाइजरों के साथ गूगल बैठक करने और बूथवार लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश भी दिए।
डीएम दीपक मीणा ने कलक्ट्रेट सभागार में उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) के साथ समीक्षा बैठक की। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण और नए मतदाताओं के पंजीकरण पर जोर दिया गया।
डीएम ने कहा कि चुनाव आयोग सबसे कमजोर प्रदर्शन करने वाले बीएलओ के कार्यों से निर्वाचन व्यवस्था का आकलन करेगा। इसलिए प्रत्येक बीएलओ को अपने बूथ पर पूरी जिम्मेदारी से काम करना चाहिए। किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची में दर्ज होने से छूटना नहीं चाहिए। सभी ईआरओ अपने क्षेत्रों में बीएलओ के कामकाज की नियमित निगरानी करें। उन्होंने ईआरओ को निर्देश दिए कि प्रतिदिन नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, लंबित आवेदनों और सत्यापन की प्रगति की समीक्षा की जाए।
ऑनलाइन जांच लें अपना नाम : डीएम ने आम नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम जांचने की अपील की। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची में दर्ज नहीं है तो वह निर्धारित फॉर्म भरकर अपना नाम जुड़वा सकता है। अधिकारियों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन की जानकारी देने के निर्देश दिए गए।