कोरोना काल में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) गोरखपुर क्षेत्र कार्यालय में लंबित मामलों का निस्तारण अब ऑनलाइन ही सकेगा। सुनवाई के लिए किसी भी पक्ष को कार्यालय आने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी। घर बैठे ही सुनवाई होगी और मामलों के निर्णय भी ऑनलाइन ही सुनाए जाएंगे।
कोरोना काल में लगे लॉकडाउन के दौरान कर्मचारी भविष्य निधि संगठन में 7ए एवं 14बी से संबंधित 120 से अधिक मामले लंबित हो गए थे। सुनवाई न होने के कारण वादी को तमाम तरह की समस्याओं का भी सामना करना पड़ रहा था। उसे न्याय भी नहीं मिल रहा था।
ऐसे में संगठन की ओर से इस सप्ताह से वर्चुअल सुनवाई का निर्णय लिया गया है। इसमें किसी भी पक्ष को साक्ष्यों के साथ कार्यालय आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सभी दस्तावेज को वह ऑलाइन ही भेजेंगे।
दस्तावेज देखने के बाद विभाग की ओर से दोनों पक्षों को वर्चुअल सुनवाई में शामिल होने के लिए एक लिंक भेजा जाएगा। उस लिंक से दोनों पक्षों जुड़ेंगे। आयुक्त दोनों पक्षों को सुनेंगे और फिर मामले की सुनवाई करते हुए अपना निर्णय देंगे।