गोरखपुर जिले के खजनी ब्लॉक में सोमवार सुबह 11.30 बजे दो कार से आए मनबढ़ों ने ग्राम पंचायत अधिकारी तनवीर अशरफ अंसारी से कार्यालय में मारपीट व तमंचा लहराने का मामला सामने आया। आरोप है कि मनबढ़ों ने आते ही मारपीट शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित तनवीर ने अपने साथियों के साथ खजनी थाने पहुंचकर तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, मारपीट की वजह पंचायत के कामों पर सवाल उठाना सामने आया है। आरोपी एक सहायक ग्राम पंचायत का पति है। दरअसल सहायक ग्राम पंचायत की नियुक्ति प्रधान करते हैं और आउटसोर्सिंग के जरिए इनको 6000 रुपये महीना मानदेय मिलता है। दिन के कामों की समीक्षा ग्राम विकास अधिकारी करते है।
इसे भी पढ़ें: कलयुगी शिक्षक का कारनामा: फार्म भरवाने के बहाने छात्रा के आधार कार्ड से बनवा लिया निकाहनामा, तुड़वा दी शादी
तनवीर अशरफ अंसारी ने तहरीर में लिखा है कि सोमवार को अपने कार्य क्षेत्र से लौटकर ब्लाॅक मुख्यालय पर 11.30 विभागीय कार्य कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम पंचायत सैरों के पंचायत सहायक गुंजन के पति प्रदीप यादव अपने 4-5 साथियों के साथ आए और भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए मारपीट करने लगे। बीच-बचाव करने पर तकनीकी सहायक मोहम्मद ताहिर को भी गालियां देने लगे।
जब तक कोई कुछ समझ पाता, इन लोगों द्वारा मेज पर रखे सरकारी अभिलेखों को फाड़ दिया गया। इस बीच वहां पर उपस्थित ग्राम रोजगार सेवक औराई धर्मदास व ग्राम रावतडाडी के प्रधान प्रतिनिधि गणेश यादव द्वारा बीच बचाव किया गया। इसके बाद प्रदीप यादव व उसके साथी गाली और जान से मारने की धमकी देते हुए तमंचा लहराते बाहर चले गए। इससे ब्लॉक परिसर में अफरा तफरी व भय का महौल बन गया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।