प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने रविवार को बिजली निगम के अधिकारियों को कड़ी चेतावनी जारी करते हुए कहा कि अगर अवर अभियंता अगर समय से फोन उठाएं और उपभोक्ताओं की समस्याएं समय से सुनें तो उपभोक्ताओं को परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। उनके फोन नहीं उठाने पर ही उपभोक्ता अधिशासी अभिंयता और मुख्य अभियंता को फोन करते हैं। ऐसे में पहली जिम्मेदारी अवर अभियंताओं की बनती है। उनके द्वारा फोन नहीं उठाने की शिकायत मिलती है तो उनपर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ऊर्जा मंत्री एके शर्मा जोन के कुशीनगर जिले में बिजली निगम की महत्वपूर्ण योजनाओं में शामिल होने आए थे। उन्होंने जोन के सभी अभियंताओं को स्पष्ट निर्देश दिया। दरअसल, शनिवार की देर रात कुशीनगर पहुंचे ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने रविवार को कुशीनगर में विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण किया, जिसमें मुख्य रूप से करोड़ों रुपए की लागत से हेतिमपुर में बना सौदाहगिरी और हाटा नगरपालिका का नवनिर्मित कार्यालय हैं। उनके पास नगर विकास मंत्रालय भी है।
इनके बाद उर्जा निगम के मुख्य अभियंता ने जोन की बिजली संबधी समस्याएं सुनीं। मुख्य अभियंता एके सिंह ने बताया कि ऊर्जा मंत्री ने जोन में बिजली आपूर्ति के संबंध में जानकारी ली। आपूर्ति व्यवस्था से पूरी तरह संतुष्ट दिखे। महाराजगंज और कुशीनगर में कुछ स्थानों पर बार-बार ट्रांसफार्मर के जलने की शिकायत को उन्होंने सही करवाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अवर अभियंता अगर निचले स्तर पर ही उपभोक्ताओं की समस्या का सामाधान करवा दें तो उपभोक्ता परेशान होगा ही नहीं।
ट्रांसफार्मर फुकने पर 1912 पर जरूर करें संपर्क
मुख्य अभियंता ने कहा कि ट्रांसफार्मर जलने पर उपभोक्ता या जिसे भी सुचना मिले वह इसकी सूचना 1912 पर जरूर करे। 1912 नंबर उपभोक्ताओं की सुविधा और समस्याएं जल्द सुनी जा सकें, इसलिए बनाया गया है। 1912 पर फोन कर शिकायत नंबर मिलता है। इसमें शिकायत का समय, क्षेत्र, जेई, एसडीओ का फोन नंबर होता है। इससे समय पर संपर्क कर पता किया जा सकता कि किस क्षेत्र का ट्रांसफार्मर खराब हुआ है और कार्रवाई में विलंब होने पर अभियंताओं पर कार्रवाई भी की जा सकती। बिना 1912 पर फोन किए दूसरे ट्रांसफार्मर मिल ही नहीं सकता। उपभोक्ता चूक जाते हैं तो सूचना पर फिर अभियंता ही फोन कर शिकायत दर्ज करवाते हैं।