गोरखपुर। भारत-नेपाल सीमा पर नोमेंस की जमीन पर भी भू-माफिया ने कब्जा कर लिया है। पता चला है कि स्थानीय स्तर पर सांठगांठ कर 40 लोगों ने कब्जा जमाया है। कोई मजार तो कोई मंदिर बनाकर जमीन को अपना बताता है। कई खेती भी कर रहे हैं। मामला एसएसबी के अधिकारियों के जांच में सामने आया है। नोमेंस की जमीन पर 21 जगहों पर कब्जा करने वाले 40 लोगों पर कार्रवाई के लिए एसएसबी के डीआईजी सीमांत मुख्यालय ने एडीजी गोरखपुर अखिल कुमार को पत्र भेजा है। एडीजी ने महराजगंज, बहराइच, श्रावस्ती व लखीमपुर खीरी के डीएम को पत्र भेजकर कार्रवाई करने को कहा है। खबर है कि कुछ जगहों पर कार्रवाई शुरू भी कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, भारत-नेपाल की सीमा उत्तर प्रदेश के 11 जिलों में 570 किलोमीटर में फैली है। नोमेंस जमीन पर अतिक्रमण की शिकायत पर प्रदेश सरकार ने एसएसबी के अधिकारियों से अतिक्रमणकारियों की सूची मांगी थी। एसएसबी की पड़ताल में सामने आया कि महराजगंज, बहराइच, श्रावस्ती व लखीमपुर खीरी में 21 स्थानों पर नोमेंस जमीन में 40 लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है। इनमें 35 लोग खेती करते हैं।
रुपंदेही जिले में एक जगह नेपाल राष्ट्र नगर पालिका और चितिपिरहवा गांव में पुलिस स्टेशन मैदेहावा का निर्माण कराया जा रहा है। एक जगह मंदिर व मजार का निर्माण हुआ है। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के उप महानिरीक्षक सीमांत मुख्यालय लखनऊ ने अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) को भेजे गए अपने पत्र में अतिक्रमण व कब्जा करने वालों का नाम व पता भेजा है। अब इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
......
कोट
नोमेंस जमीन पर अतिक्रमण की जानकारी मिली है। सुरक्षा की दृष्टि से अतिक्रमण हटाने के लिए महराजगंज, बहराइच, श्रावस्ती व लखीमपुर खीरी के जिलाधिकारी को पत्र लिखा गया है। कई जगहों पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
-अखिल कुमार, एडीजी