सहजनवां। सहबाजगंज से सहजनवां पेट्रोल पंप तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण के खिलाफ मंगलवार को प्रशासन ने अभियान चलाया। बार-बार नोटिस देने के बावजूद कब्जा नहीं हटाने पर जेसीबी से अवैध निर्माण ध्वस्त कराया गया। कार्रवाई शुरू होते ही कई लोगों ने खुद ही अपना सामान समेट लिया।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से सहजनवां से कालेसर जीरो पाॅइंट तक छह लेन सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। सड़क की जमीन पर अतिक्रमण के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा था। इसे देखते हुए प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
एसडीएम नमन मेहता और तहसीलदार चंद्रशेखर वर्मा के नेतृत्व में पुलिस बल के साथ टीम ने सड़क की सीमा में आने वाली दुकानों और मकानों के हिस्सों को हटाया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण में बाधा बनने वाले सभी अतिक्रमण हटाए जाएंगे।
कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार राम सूरज, नीरू सिंह, थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्र समेत राजस्वकर्मी और पुलिस बल मौजूद रहा।