मतदान कर राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व को निभाए कर्मचारी
गोरखपुर। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की एक बैठक डिप्लोमा इंजीनियरिंग संघ भवन में सोमवार को हुई। बैठक में कर्मचारी नेताओं ने कहा कि हर कर्मचारी का दायित्व बनता है कि वह लोकतंत्र के इस महापर्व में शामिल हो। हर कर्मचारी अपने विभाग में जाकर अपने साथियों से मतदान के लिए कहे। उन्हें बताए कि मतदान उनका मौलिक अधिकार है। इस लिए उसका उपयोग उन्हें हर हाल में करना चाहिए।
बैठक को संबोधित करते हुए राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि यह लोकतंत्र के आस्था का महापर्व है। इसलिए आप सभी कर्मचारी और पेंशनर अपने परिवार सहित मतदान अवश्य करें, आपके वोट से बनने वाली सरकार आपके अधिकारों और हितों की रक्षा करेगी।
महामंत्री मदन मुरारी शुक्ल ने कहा कि हम सभी कर्मचारी होने के साथ-साथ इस राष्ट्र के एक जिम्मेदार नागरिक भी हैं, इसलिए हम सभी मतदान कर राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने मतदान के लिए बहुत ही सरल और अच्छी व्यवस्था की है। इसलिए चुनाव ड्यूटी में लगे सभी कर्मचारियों से अपील है कि वे राष्ट्रहित में अपना वोट अवश्य दें।
इस अवसर पर गोविंद, विनोद राय, वरुण वर्मा बैरागी, राजेश सिंह, मदन मुरारी शुक्ला, कृष्ण मोहन गुप्ता, पंडित श्याम नारायण शुक्ल सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे।