गोरखपुर के इमामबाड़ा गर्ल्स इंटर कॉलेज में ऑनलाइन पढ़ाई के लिए बनाए गए व्हाट्सएप ग्रुप पर फालतू की पोस्ट डालने की घटना के बाद से डीआईओएस ने संज्ञान लिया है। उन्होंने सभी स्कूल संचालकों और प्रधानाचार्य को ग्रुप की कड़ी निगरानी का निर्देश दिया है।
उन्होंने कहा कि ग्रुप पर फालतू के वीडियो या पोस्ट डालने वाले लोगों पर विधिक कार्रवाई की जाए। वहीं जब तक कक्षाओं का संचालन होता है, तब तक ही ग्रुप को सभी के लिए ऑन रखा जाए। कक्षाएं खत्म होने के बाद उसे एडमिन मोड पर ही चलाया जाए।
उन्होंने बताया कि सभी स्कूल के प्रधानाचार्यों को सूचना व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से भेज दी गई है। इसका कड़ाई से अनुपालन कराया जाएगा। उधर, इमामबाड़ा गर्ल्स इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य की ओर से जारी किए गए नोटिस का शिक्षिका रीता मौर्या ने भी लिखित जवाब दे दिया है।
शिक्षिका ने बताया कि नौंवी और 11वीं में पंजीकरण कराने वाले विद्यार्थियों के नंबर को ही उन्होंने ग्रुप में जोड़ा था। ये नंबर खुद छात्राओं की ओर से प्रदान किए गए हैं। एक छात्रा की ओर से दिए गए नंबर से ही गंदी बातें ग्रुप पर डाली गई हैं। वो जांच में हर संभव मदद करने के लिए तैयार हैं।